पिपरिया (होशंगाबाद)। तहसील मुख्यालय से सटे ग्राम सिंघई की नदी पर अवैध उत्खनन पकड़ने गईं तहसीलदार विंकी सिंहमारे आरआई, पटवारी व राजस्व अमले पर रेत माफियाओं ने गुरुवार को हमला कर दिया। हमलावरों ने तहसीलदार पर फावड़े से जानलेवा हमला किया। बीच बचाव करने आए उनके वाहन चालक को सिर पर डंडा मारकर लहुलूहान कर दिया। तहसीलदार को नदी किनारे अवैध उत्खनन होने की सूचना ग्रामीणों से मिली थी। राजस्व अमले के साथ तहीलदार नदी किनारे पहुंची और कार्रवाई की।
घटना के वक्त उनके साथ कुछ ग्रामीण भी मौजूद थे। पुलिस ने हमलावरों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, बलवा, मारपीट कर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस बल क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर रहा है।
राजस्व कर्मचारियों ने आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्रशासन के आदेश पर रेत माफियाओं पर जिले भर में कार्रवाईयां की जा रही हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से बौखलाए रेत माफियाओं ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद राजस्व अमले में दहशत भी देखी जा रही है।
आठ सदस्यीय दल गया था कार्रवाई करने
8 सदस्यीय राजस्व अमले के साथ तहसीलदार विंकी सिंहमारे ने अवैध खनन कर रहे मुहारीकलां निवासी कृष्णा पिता देवी सिंह, एवं देवी सिंह व मुन्ना गुर्जर को एक ट्राली अवैध रेत के साथ पकड़ा था। इनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी थे। जब ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर तहसीलदार व उनका अमला स्टेशन रोड थाने ला रहे थे। तभी कृष्णा नाम के युवक ने ट्रैक्टर-ट्राली को गांव की तरफ मोड़ दिया।
हथियारों के साथ खड़े थे हमलावर
तहसीलदार के मुताबिक जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली गांव की ओर ले जाने लगे तो उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान हथियार लेकर खड़े लोगों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राजस्व अधिकारियों में दहशत फैल गई। हमलावर किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। हमलावरों का निशाना तहसीलदार विंकी सिंहमारे थीं।

No comments:
Post a Comment