लालू के बोल: मोदी को बताया खतरनाक आदमी, नोटबंदी पर भी उठाए सवाल - JBP AWAAZ

Breaking

Wednesday, 8 February 2017

लालू के बोल: मोदी को बताया खतरनाक आदमी, नोटबंदी पर भी उठाए सवाल

बुलंदशहर। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार को बुलंदशहर के सिंकदराबाद से प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर बरसे। यहाँ से लालू प्रसाद यादव ने मोदी पर जमकर निशाना साधा और मोदी को एक खतरनाक आदमी बताया। लालू यादव यहाँ अपने साले के दामाद राहुल यादव का प्रचार करने पहुंचे थे जो समाजवादी पार्टी की सीट से खड़े हुए हैं। लालू ने नोटबंदी को लेकर भी प्रधानमंत्री पर जमकर निशाना साधा और लोगों को उनसे बचने तक की नसीहत दे डाली। 
और क्या बोले लालू...
लालू यादव ने यहाँ से अपने अनोखे अंदाज में मोदी के 'मेक इन इंडिया' कैंपेन का भी जमकर मजाक उड़ाया। लालू यादव ने आगे कहा- 'मोदी लाखों का कोट पहनते हैं। मेक इन इंडिया का नारा देते हैं, लेकिन अपना देश कहां जा रहा है'। इस बीच उन्होंने अपनी पीठ थपथपाते हुए कहा 'मैंने रेल को कहाँ तक पहुँचाया था और आज देखो, मोदी रेल को कहाँ से कहाँ ले आए हैं।' लालू यादव ने नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री पर जमकर शब्दों के बाण चलाए। उन्होंने कहा 'मोदी जी ने 50 दिन का समय मांगा था। हमे कहते हुए शर्म आ रही, लेकिन मोदी जी अब बताइए क्या करना है।'
राहुल यादव लड़ रहे हैं सिकंदराबाद सीट से चुनाव
आपको बता दें कि सिकंदराबाद की सीट से लालू यादव के साले के दामाद सपा की सीट से प्रत्याशी हैं। 28 वर्षीय राहुल यादव होटल का बिजनेस करते हैं और उन्हें समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अब्दुल रब का टिकट काटकर उम्मीदवार बनाया गया है। सिंकदराबाद सीट पर फिलहाल भाजपा की विमला सोलंकी का कब्जा है। लालू यादव, राहुल यादव के प्रचार के लिए ही सिकंदराबाद पहुंचे थे। 

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status