ममता पर भ्रष्टाचार का सीधा मामला, सफाई दें तृणमूल कांग्रेस प्रमुखः प्रकाश जावड़ेकर - JBP AWAAZ

Breaking

Wednesday, 2 August 2017

ममता पर भ्रष्टाचार का सीधा मामला, सफाई दें तृणमूल कांग्रेस प्रमुखः प्रकाश जावड़ेकर

नई दिल्ली। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार के मामले को लेकर जोरदार हमला बोलते हुए उनके खिलाफ जांच की मांग की है। पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को ‘टोटल ममता करप्शन’ करार देते हुए भ्रष्टाचार के इस मामले में मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण की मांग की है।
बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वरिष्ठ नेता व मानव संसाधन व विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर भ्रष्टाचार के मामले में शामिल होने का आरोप लगाया।
जावड़ेकर ने कहा कि वैदिक रियलिटी कंपनी के मालिक राजकिशोर वाम मोर्चा की सरकार के दौरान आईटी सिटी बनाने के लिए किसानों की जमीन हासिल करने में जुटे थे। 2009 में ममता ने इसके खिलाफ आंदोलन करते हुए राजकिशोर को जेल भेजने की मांग की थी। 2010 में ममता पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज हुईं। इसके बाद बदले घटनाक्रम में उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी लीप एंड बाउंड नामक कंपनी के डायरेक्टर बने। इस कंपनी के पंजीकरण का पता 30बी हरीश चटर्जी मार्ग था जो ममता का निवास है। इसके बाद राजकिशोर जिसके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आंदोलन किया, उसने अपनी दूसरी कंपनी ग्रीनटेक आईटी से अभिषेक की कंपनी को 1.5 करोड़ रुपए दिए। ग्रीनटेक की बैलेंसशीट में भी इसका जिक्र है और लीप एंड बाउंड ने भी इसे दर्शाया है। कुछ दिन बाद अभिषेक ने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया और उसके परिवार के तीन सदस्य कंपनी में शामिल हो गए। दिलचस्प बात ये है कि कुछ दिन बाद ही ममता ने राजकिशोर के उस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी, जिसका पहले वह विरोध कर रही थीं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह भ्रष्टाचार का सीधा-सीधा मामला है। ये मामला भी राबर्ट वाड्रा, तेजस्वी यादव जैसा ही है। ममता पहले पश्चिम बंगाल में साफ-सुथरे कारोबार का नारा देकर आई थीं| जिसके बाद से शारदा, रोजवैली,एमपीए, नारदा, त्रिफला और भर्ती घोटाले सामने आए। भ्रष्टाचार की इस कड़ी में एक और मामला जुड़ गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ममता को इसका जवाब देना होगा। इस मामले की जांच होनी चाहिए। जावड़ेकर ने कहा कि ममता को इस बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने टीएमसी कांग्रेस को ‘टोटल ममता करप्शन’ करार देते हुए भ्रष्टाचार के इस मामले की जांच कराए जाने की मांग की।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status