रायपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज यहां पचपेड़ी नाका मार्ग पर एक प्राइवेट अस्पताल में सीआरपीएफ के घायल जवानों से मिलकर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री हंसराज अहीर के साथ अस्पताल पहुंच कर वहां सीआरपीफए के तीनों घायल जवानों से मुलाकात की।
ज्ञातव्य है कि ये जवान कल सुकमा जिले में नक्सल हमले का मुकाबला करते हुए घायल हो गए थे। हमले में सीआरपीएफ के 25 जवान शहीद हुए। केन्द्रीय गृह मंत्री आज सवेरे रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के परिसर में शहीद जवानों को राज्यपाल श्री बलरामजी दास टंडन और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने इसके बाद चौथी बटालियन में ही अधिकारियों की बैठक ली और बैठक के बाद घायल जवानों से मिलने पहले पचपेड़ी नाका के पास फिर मोवा स्थित प्राइवेट अस्पतालों में घायल जवानों से मिलने गए। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केन्द्रीय गृह राजमंत्री श्री हंसराज अहीर भी उनके साथ थे।

No comments:
Post a Comment