छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में दो जवान शहीद, दो घायल - JBP AWAAZ

Breaking

Friday, 3 March 2017

छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में दो जवान शहीद, दो घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान समेत दो जवान शहीद हो गए हैं, वहीं दो अन्य जवान घायल है। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेरली गांव के जंगलों में नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया।
इस हमले में त्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 10वीं बटालियन के जवान हेमंत कुमार और जिला बल के सहायक आरक्षक दुब्बा राम शहीद हो गए हैं। वहीं सीएएफ 10वीं बटालियन के जवान सहदेव रजवाड़े और सहायक आरक्षक मुड्डाराम हमले में घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिरतुर थाना क्षेत्र में बन रहे मिरतुर-गंगालूर मार्ग की सुरक्षा के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया था।
दल जब चेरली गांव के जंगलों में पहुंचा तब नक्सलियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में दो जवान शहीद हो गए तथा दो अन्य घायल हो गए। नक्सली गोलीबारी के बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि नक्सली हमले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया है तथा शहीद जवानों के शवों और घायल जवानों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। 

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status