केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने आज दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लहर चल रही है और राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। सिन्हा आज संवाददाताओं से कहा कि इस समय प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। विकास और सुशासन के नाम पर लोग भाजपा को अपना समर्थन दे रहे हैं। प्रदेश में दो चरणों में सम्पन्न हुए 140 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को 90 सीटे मिलने जा रही है। इस समय मौन ध्रुवीकरण चल रहा है। परिणाम चौंकाने वाले आयेंगे।उन्होंने कहा कि पिछले 14 वर्षों से समाजवादी पार्टी(सपा) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की सरकारों के चलते प्रदेश अभी भी बीमारू राज्य बना हुआ है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इससे मुक्ति मिलेगी। प्रदेश की जनता गुण्डा गर्दी और भ्रष्टाचार के कारण सपा और बसपा को नकार रही है। भाजपा ने कभी जाति, धर्म, सम्प्रदाय की राजनीति नहीं की वह केवल विकास की बात करती है।
सिन्हा ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में भारतीय रेल में सवा लाख करोड़ रूपये का निवेश हो रहा है। गत वर्ष एक लाख करोड़ का निवेश किया गया था। अगले पांच वर्षों के लिए साढ़े आठ लाख करोड़ रूपये की योजना बनाई गई है। अगले वित्तीय वर्ष में सवा लाख करोड़ से अधिक का निवेश होगा। उन्होंने कहा कि पौने तीन साल के दौरान केन्द्र सरकार के किसी मंत्री एवं सांसद के विरूद्ध भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। उन्होंने हरदोई जिले के सण्डीला स्टेशन के पास आरपीएफ के जवानों द्वारा जौनपुर जिले के छात्र नवीन मौर्य को ट्रेन से नीचे फेंकने से हुई मृत्यु के मामले को अन्यन्त दु:खद घटना बताया। रेलवे ने इसे गंभीरता से लिया है और परिणाम जल्द ही आ जायेगा। मृत छात्र के परिवार के साथ उनकी पूरी संवेदना है। इसके पूर्व सिन्हा शाहगंज में भारतीय समाज पार्टी(भासपा) एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के संयुक्त सम्मेलन को सम्बोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, राजेश श्रीवास्तव बच्चा भैया समेत कई लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment