हम सभी एक-दूसरे का सहयोग करेंगे: सुमित्रा महाजन - JBP AWAAZ

Breaking

Saturday, 18 February 2017

हम सभी एक-दूसरे का सहयोग करेंगे: सुमित्रा महाजन

इंदौर, दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) देशों के लोकसभा अध्यक्षों के आज से मध्यप्रदेश के इंदौर में हो रहे सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि हम सभी एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महाजन ने कहा कि हम सभी अलग-अलग देशों से पहुंचे हैं, यहां एक साथ बैठे हैं, हम आपस में चर्चा करेंगे और एक आम राय बनाकर एक दूसरे का सहयोग करेंगे। महाजन ने दक्षिण एशियाई देशों में एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि हम सभी अलग देश के निवासी हैं, सबकी संस्कृति भी अलग अलग है, सबकी भाषा अलग हो सकती है, लेकिन हमारा सोचने का तरीक़ा और हमारे आस पास का वातावरण एक है, हम एक साथ प्रगति के पथ पर आगे बढेंग़े।
लोकसभा अध्यक्ष ने सतत विकास, संसदीय परंपरा और ग्लोबल वार्मिंग पर कहा कि हम सभी मिलजुल कर, ज्ञान साझा कर अग्रणी भूमिका निभाते हुए काम करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब जानकारियों को बांटा जाता है तो उसका प्रभाव अलग पड़ता है और वह एक के साथ सभी के काम आता है। कुछ क्षेत्र में आपसी विचारों का आदान प्रदान होना चाहिए, जिससे कई नए उपाए और सुझाव मिलते हैं और कई समस्याओं का निराकरण चर्चा के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आपस में एक दूसरे की वित्तीय और तकनीकी रूप से मदद से सबसे अधिक लाभ होता है। इंदौर से सांसद महाजन ने इस मौके पर मेहमानों से कहा कि इंदौर की मीडिया और यहां के सराफे का जायका, दोनों ही लाजवाब हैं। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में भारत सहित अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के लोकसभा अध्यक्ष और प्रतिनिधि प्रमुख तौर पर शामिल हो रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status