गोंडा। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय के चुनाव में जीत से गदगद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में एक दूसरे की धुर विरोधी समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उस समय ही बेनकाब हो गई थी जब दोनों ने मिलकर केन्द्र सरकार के नोटबंदी के फैसले का पुरजोर विरोध किया था।
मोदी ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा देश में हर दिन नया झूठ बोलने में माहिर लोगों की कमी नहीं है। भ्रष्टाचार और कालेधन पर नकेल कसने के लिए मैंने नोटबंदी का फैसला किया तो कुछ लोगों ने इस फैसले से खुद के खजाने पर पडने वाले असर से खौफजदा हो गए।
बसपा प्रमुख मायावती और सपा के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि करना है तो करो पर सात-आठ दिन का समय तो दो। सपा-बसपा वाले हमेशा एक-दूसरे के विपरित बोलते है लेकिन 15 साल में एक अपवाद आया तो दोनो एक ही बात बोलने लगे कि मोदी बेकार हैं।
महाराष्ट्र के चुनाव का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि हिन्दुस्तान में भले ही कोई पढ़ा-लिखा न हो लेकिन शिवजी की तरह उनमें तीसरा नेत्र होता है जिससे वे परख लेते हैं कि सही-गलत क्या है। ये परख मेरे देश के गरीब से गरीब व्यक्ति के पास भी होती है।
महाराष्ट्र में कांग्रेस कहीं नजर नहीं आ रही है। चाहे उड़ीसा हो, महाराष्ट्र हो चंडीगढ़ हो पिछले तीन महीने में जहां-जहां चुनाव हुए वहां भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की ताकत हो या न हो जनता ने तीसरे नेत्र की ताकत से भरपूर आशीर्वाद दिया और विजयी बनाया।

No comments:
Post a Comment