मारुति की गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं तो अब ज्‍यादा ढीली करनी होगी जेब - JBP AWAAZ

Breaking

Saturday, 28 January 2017

मारुति की गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं तो अब ज्‍यादा ढीली करनी होगी जेब

नई दिल्‍ली: मारुति की कारें खरीदने की योजना बना रहे लोगों को यह खबर पढ़कर थोड़ा झटका लग सकता है. अगर आप हाल फिलहाल में मारुति की कोई कार खरीदने की सोच रहे थे तो अब आपको अपनी जेब थोड़ी ज्‍यादा ढीली करनी पड़ेगी क्‍योंकि कंपनी ने गाड़ियों के अपने सभी मॉडल्‍स के दाम बढ़ा दिए हैं. देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी कारों की कीमत में तत्काल प्रभाव से 8014 रुपये तक की वृद्धि कर दी है. कंपनी ने बयान में कहा कि उसकी विभिन्न श्रेणियों की कारों की कीमत में तत्काल प्रभाव से वृद्धि की गई है. दिल्ली में शोरूम पर यह वृद्धि 1500 से 8014 रुपये तक की है.

बयान के अनुसार कीमत बढ़ाने का फैसला कच्चेमाल, परिवहन और प्रशासनिक लागतों में बढ़ोतरी के कारण किया गया है. कंपनी छोटी कार ऑल्टो-800 से प्रीमियम क्रॉसओवर एस-क्रॉस मॉडल तक की बिक्री करती है, जिनकी दिल्ली के शोरूम में कीमत 2.45 लाख रुपये से 12.03 लाख रुपये तक है.

कंपनी ने पिछले साल अगस्त में एसयूबी विटारा ब्रेजा के दाम 20,000 रुपये और बलेनो के दाम 10,000 रुपये बढ़ाए थे. इसके अलावा कुछ अन्य मॉडलों के दामों में 1,500-5,000 रुपये तक की वृद्धि की गयी थी. हुंदै, महिंद्रा और अन्य कार विनिर्माताओं ने भी लागत और विनिमय दर के प्रभाव की बात करते हुए जनवरी से कीमत वृद्धि की घोषणा की है.

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status