वाराणसी में पीएम का कांग्रेस पर तंज, कहा - खुशी है राहुल बोलना सीख रहे हैं - JBP AWAAZ

Breaking

Thursday, 22 December 2016

वाराणसी में पीएम का कांग्रेस पर तंज, कहा - खुशी है राहुल बोलना सीख रहे हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय कार्यक्रम के तहत गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। पीएम ने बीएचयू में मदन मोहन मालवीय कैंसर रिसर्च इंस्टिट्यूट का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नोटबंदी का विरोध कर रहे राजनेताओं के खिलाफ जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा, “मैंने कभी सोचा नहीं था, देश के कुछ राजनेता और राजनीतिक दल बेईमानों के साथ खड़े हो जाएंगे.”

पीएम का कांग्रेस पर वार

प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी आरोपों के गोले दागे। दरअसल, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा था कि - 'जिस देश में 50 प्रतिशत लोग गरीब हों, वहां ये टेक्नोलॉजी वगैरह कैसे हो सकती है।' मनमोहन सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा, " मनमोहन अपना रिपोर्ट कार्ड दे रहे हैं या मेरा दे रहे हैं। ये 50 प्रतिशत गरीबी की विरासत किसकी झेल रहा हूं मैं।"

मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम को भी आड़े हाथों लिया। "हमारे देश में 50 प्रतिशत गांव में अभी भी बिजली नहीं तो कैशलेस कैसे करोगे?" वाले चिदंबरम के बयान के जवाब में मोदी ने कहा, "2014 में आप कहते थे हमने इतना काम किया है, गांव-गांव में बिजली पहुंचाई. अब कहते हो 50 प्रतिशत गांवों में बिजली नहीं है। ये किसका रिपोर्ट कार्ड है?"

राहुल न बोलते तो बड़ा भूकंप आता - पीएम

राहुल गांधी के लिए मोदी ने कहा कि 'एक युवा नेता हैं, अभी भाषण देना सीख रहे हैं। जब से उन्होंने बोलना सीखा है, मेरी खुशी का ठिकाना नहीं है। 2009 में पता ही नहीं चलता था कि इस पैकेट के अंदर क्या है? अब पता चल रहा है कि क्या है? न बोलते तो बड़ा भूकंप आ जाता, और देश को कितना बड़ा भूकंप झेलना पड़ता कि देश दस साल तक उबर ही न पाता, लेकिन अच्छा हुआ बोलना शुरू कर दिया, तो पता चल रहा है कि भूकंप की संभावना बची ही नहीं।'

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status