राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने शनिवार को पार्टी सांसदों और विधायकों की बैठक में कहा कि नोटबंदी का फैसला विफल हो गया है, इससे कालाधन वापस नहीं आया. लालू प्रसाद यादव ने अपने अंदाज में कहा, ‘नोटबंदी का वही हाल होगा, जो कांग्रेस के समय नसबंदी का हुआ था.’ उन्होंने इस फैसले के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) के साथ आंदोलन चलाए जाने की बात भी कही है.
लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर आलोचना की. उन्होंने ट्वीट करके कहा है, ‘मोदी ने देश को फुटबॉल बना दिया है. ये एक तरफ किक मारते हैं, मंत्री दूसरी तरफ और तीसरा मंत्री किसी और तरफ. आरबीआई और वित्त विभाग अपनी-अपनी किक मार रहे हैं.’ राजद सुप्रीमो ने आगे कहा, ‘धूल में लट्ठ मारना बंद करिए. आत्ममुग्धता और आत्मप्रसिद्धि के फ्रेम से बाहर निकल देश को विवेकपूर्ण तरीके से चलाएं. गरीब जनता को तबाह मत करिए.’
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के एक बयान को लेकर लालू ने कहा, ‘क्या नोटबंदी के जरिए कालाधन, आतंकवाद और नकली नोटों के खिलाफ लड़ाई भी एक और जुमला था. मोदी जी आप लोग देश चला रहे हैं या फुटबॉल खेल रहे हैं.’ पिछले दिनों पीयूष गोयल ने कहा था कि नोटबंदी का प्राथमिक उद्देश्य पैसों को बैंक खाते में वापस लाना था. लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए एक अन्य ट्वीट में लिखा है, ‘भाजपा कालेधन का समुद्र है. भाजपाई मगरमच्छ ने गरीबों को निगल लिया है. अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए काला अध्याय रच दिया.’
राजद प्रमुख के इन बयानों के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ सकता है. अपने बयान में लालू यादव ने जदयू के साथ नोटबंदी के खिलाफ आंदोलन किए जाने की बात कही है. दूसरी ओर, जदयू अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नोटबंदी के फैसले पर मोदी सरकार का खुलकर समर्थन कर चुके हैं. पिछले दिनों दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए गए किसी भी कदम का स्वागत करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने देशहित को राजनीति से अलग रखने की बात कही थी.
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
Author Details
Jabalpur Awaaz is a weekly news paper. we are published current news related our Country, World,society, politics, Crime and other issues.
No comments:
Post a Comment