राहुल त्रिपाठी की शानदार पारी के बल पर राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने KKR को हराया - JBP AWAAZ

Breaking

Thursday, 4 May 2017

राहुल त्रिपाठी की शानदार पारी के बल पर राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने KKR को हराया

कोलकाता 
राइजिंग पुणे सुपरजाएंट (RPS) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 10वें संस्करण में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को उसके घर में 4 विकेट से हरा दिया। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पुणे के सामने 156 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे पुणे ने 4 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पुणे के लिए सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने सर्वाधिक 93 रनों की पारी खेली। जिसके लिए उन्होंने 52 गेंदों का सामना किया और 9 चौके और 7 छक्के लगाए। त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद राहुल ने शुरू से अंत तक एक छोर संभाले रखा और टीम को जीत दिलाई। इससे पहले, बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता का मजबूत बल्लेबाजी क्रम पुणे की कसी हुई गेंदबाजी के सामने बड़ा स्कोर नहीं कर सका। कोलकाता ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। उसके लिए मनीष पांडे ने सर्वाधिक 37 रन, कोलिन ग्रैंडहोमे ने 36 रन और सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 30 रनों की पारी खेली।

इससे पहले पिछले कुछ मैचों से अपनी बल्लेबाजी से रनों की झड़ी लगाने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 10वें संस्करण के 41वें मैच में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ 155 तक ही सीमित रह गई। ईडन गार्डंस स्टेडियम में पुणे ने उसे 20 ओवरों में 8 विकेट पर 155 रनों से आगे नहीं जाने दिया। पुणे के गेंदबाजों ने कोलकाता के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को शुरू से ही रोके रखा।

पहले ओवर की आखिरी गेंद तक टीम का खाता भी नहीं खुला था कि सुनील नारायण, जयदेव उनडकट की गेंद पर उन्हें ही कैच दे बैठे। अपने जोड़ीदार रॉबिन उथप्पा की गैरमौजूदगी में कप्तान गौतम गंभीर पर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी। वह 19 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 24 रन बनाने के बाद वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। गंभीर का विकेट 40 रनों के कुल योग पर गिरा। गंभीर से पहले शेल्डन जैक्सन (10) सुंदर की गेंद पर ही हिट विकेट होकर पविलियन लौट चुके थे।

यूसुफ पठान 4 रनों का ही योगदान दे सके। मनीष पांडे (37) और कोलिन डी ग्रैंडहोमे (36) ने यहां से छठे विकेट के लिए 5 ओवरों में 48 रन जोड़े। 103 के कुल स्कोर पर पांडे को डेनियल क्रिस्चन ने अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। कोलिन भी कुछ देर बाद उनादकट की गेंद पर सुंदर के हाथों लपके गए। उन्होंने 19 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से तेज तर्रार पारी खेली।

क्रीज पर इस समय सूर्यकुमार यादव और क्रिस वोक्स (1) थे। वोक्स कुछ कर पाते इससे पहले ही रन आउट हो गए। सूर्यकुमार ने 19वें ओवर में उनडकट पर दो लगातार चौके और एक छक्का जड़ा। इसी ओवर में नाथन कुल्टर नाइल (6) ने भी एक छक्का मारा। नाइल आखिरी ओवर में बेन स्टोक्स का शिकार बने। स्टोक्स ने आखिरी ओवर में सिर्फ चार रन दिए। सूर्यकुमार 16 गेंदों में दो चौके और इतने ही छक्के लगाकर 30 रनों के साथ नाबाद लौटे। उनके साथ उमेश यादव भी दो रनों पर नाबाद रहे। पुणे की तरफ से उनडकट और सुंदर ने 2-2 विकेट लिए। स्टोक्स, इमरान ताहिर, क्रिस्चन को 1-1 विकेट मिला।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status