नई दिल्ली । विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार ऐसी स्वास्थ्य सेवा सुगम बनाने पर जोर दे रही है जो आसान पहुंच में होने के साथ किफायती और नागरिकों के अनुकूल हो।
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मोदी ने आपने ट्वीट में कहा , ‘‘विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मैं आप सबकी अच्छी सेहत की प्रार्थना करता हूं जो आपको अपने सपनों को पूरा करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर देती है।''
प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा, ‘‘जब बात आती है स्वास्थ्य सेवा की, तो हमारी सरकार ऐसी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने में कोई कसर नहीं छोड रही, जो आसान पहुंच में हो और किफायती भी हो।''
इस संदर्भ में मोदी ने कहा कि मंत्रिमंडल ने हाल ही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति को मंजूरी दी है, ‘‘जो कि व्यापक, समग्र और नागरिकों के अनुकूल है।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम अवसाद है जिसके बारे में उन्होंने रेडियो पर पिछले ‘मन की बात' कार्यक्रम में बात की थी। ट्वीट के साथ प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति और मन की बात का लिंक साझा किया।
दुनिया में 35 करोड़ लोगों के अवसाद से पीड़ित होने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में कहा था कि अवसाद से मुक्ति मिल सकती है और इसका पहला मंत्र है कि इसे दबाने की बजाए उसे व्यक्त करें। प्रधानमंत्री ने कहा था कि जो लोग शारीरिक स्वास्थ्य के संबंध में जागरुक होते हैं, वे तो हमेशा कहते हैं पेट भी थोड़ा खाली रखो, प्लेट भी थोड़ी खाली रखो और जब स्वास्थ्य की बात आई है, तो 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस है।

No comments:
Post a Comment