सांस रोकने के खेल में सचमुच रुक गई सांसें - JBP AWAAZ

Breaking

Monday, 24 April 2017

सांस रोकने के खेल में सचमुच रुक गई सांसें

मध्य प्रदेश के इंदौर में खेल-खेल में एक किशोर का गला रस्सी के फंदे में फंस गया. वह अपने दोस्तों के साथ सांस रोकने की कॉम्पिटिशन कर रहा था. इस दौरान दम घुटने की वजह से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई.
मामला शहर के तिलक नगर थाना क्षेत्र के पत्थर मुंडला इलाके का है. यहां रविवार शाम को नानू नाम का 16 वर्षीय किशोर अपने कुछ साथियों के साथ कथित तौर पर सांस रोकने का खेल खेल रहा था.
बताया जा रहा है कि नानू और उसके दोस्त रस्सी का फंदा बनाकर 'कौन ज्यादा देर तक सांस रोक सकता है' ये खेल खेल रहे थे. इस दौरान अचानक से नानू के गले में रस्सी का फंदा कस गया. वह जितना फंदा निकालने की कोशिश कर रहा था, उतना फंदा उसके गले में कसता गया.
दम घुटने की वजह से नानू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोग उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एमवाय अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर तिलक नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर जांच की दिशा तय होगी.
साथ ही नानू के दोस्तों के बयान के आधार पर तय होगा कि यह महज हादसा था या वह किसी साजिश का शिकार हुआ है.

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status