छह राज्यों की पुलिस की कार्रवाई, 9 आईएस संदिग्ध पकड़े - JBP AWAAZ

Breaking

Thursday, 20 April 2017

छह राज्यों की पुलिस की कार्रवाई, 9 आईएस संदिग्ध पकड़े

नोएडा/मेरठ/बिजनौर। उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने पांच राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त रूप से आईएस के तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यूपी एटीएस ने राज्यों की पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मिलकर गुरुवार सुबह मुंबई, जालंधर, नरकटियागंज (बिहार), बिजनौर और बिजनौर में ऑपरेशन किया।
उप्र के एटीएस प्रमुख असीम अरुण ने बताया कि उप्र की एटीएस टीम ने महाराष्ट्र, पंजाब, बिहार, आंध्र प्रदेश व उप्र में एक संयुक्त अभियान चलाया था। अरुण ने बताया कि तीनों संदिग्धों को मुंबई, जालंधर और बिजनौर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया, ‘पुलिस छह अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’ वहीं यूपी के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि इन लोगों के किसी भी संगठन से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा, ये लोग युवाओं को भटकाते हैं और उन्हें भटकाकर इस रास्ते पर चलने के लिए मनाते हैं। यह एक आपराधिक षडय़ंत्र हो सकता है।
इस पूरे मामले पर एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 9 लोगों को पकड़ा है। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है। सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एटीएस के पास यह सूचना थी कि आतंकवादी घटनाएं करने के लिए एक गिरोह तैयार हो रहा है, जिसके कुछ अति-सक्रिय सदस्य नए सदस्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस,सीआई सेल आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र एटीएस, पंजाब पुलिस, बिहार पुलिस के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हमारे पास सबूत हैं। सभी लोग खुद से इस तरह के काम से जुड़े थे। कोई भी किसी अन्य ग्रुप के सम्पर्क में नहीं था। इसे संभावित आपराधिक षडय़ंत्र माना जा सकता है। ये लोग युवाओं को भ्रमित कर रहे थे।
बिजनौर के बढ़ापुर मस्जिद से एटीएस और एसटीएफ ने छापे मारकर दो लोगों को पकड़ा है। इनमें कोतवाली देहात के गांव अकबराबाद निवासी मोहम्मद फैजान इमाम है और नगीना के गांव तुकमापुर निवासी मोहम्मद तनवीर मुअज्जम है। बताया जा रहा है गुरुवार तडक़े इन लोगों को पकड़ा गया है। बिजनौर के एएसपी देहात डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस ऑपरेशन में लोकल पुलिस शामिल नहीं है।
यूपी में आईएसआईएस खोरासान मॉड्यूल के सामने आने के बाद एजेंसियों को वेस्ट यूपी के कुछ इलाकों में अन्य मॉड्यूल के सक्रिय होने की खबर मिली थी। इसके बाद यूपी समेत कई राज्यों की एजेंसियों को अलर्ट किया गया था। पिछले दिनों हापुड़ और लखीमपुर खीरी में लो इंटेसिटी ब्लास्ट होने और ट्रेनों के पटरी से उतरने की घटनाओं के बाद यूपीएटीएस ने इलाके में अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status