मेदांता अस्पताल का एयर एम्बुलेंस बैंकाक के पास दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत - JBP AWAAZ

Breaking

Tuesday, 7 March 2017

मेदांता अस्पताल का एयर एम्बुलेंस बैंकाक के पास दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत

नई दिल्ली: मेदांता अस्पताल का एक एयर एम्बुलेंस आग लगने के बाद सोमवार को बैंकाक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें पायलट की मौत हो गई और चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार रात इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घायलों को सेना के हेलीकॉप्टरों से बैंकाक अस्पताल ले जाया गया है। 

विभिन्न ट्वीट में सुषमा ने कहा, ‘‘चालक दल के पांच सदस्यों को लेकर जा रहा मेदांता अस्पताल का एयर एम्बुलेंस आग लगने के बाद बैंकाक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घायलों को सेना के हेलीकॉप्टरों से बैंकाक अस्पताल ले जाया गया है।’’  उन्होंने लिखा, ‘‘हमारे मिशन ने अभी मुझे सूचना दी है कि एयर एम्बुलेंस के पायलट अरूणाक्ष नंदी की मौत हो गई है। डॉक्टर शैलेन्द्र और डॉक्टर कोमल आईसीयू में हैं। दो अन्य को हल्की चोटें आई हैं।’’ 

इस बीच मेदांता अस्पताल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉक्टर नरेश त्रेहन ने दुर्घटना को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताते हुए कहा कि एयर एम्बुलेंस फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे एक मरीज को लाने बैंकाक गया था। विमान ने नई दिल्ली से रविवार बैंकाक के लिए उड़ान भरा था। रास्ते में वह ईंधन भरने के लिए कोलकाता में रूका और बाद में नाखोन पैथेम हवाईअड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

त्रेहन ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मेदांता के डॉक्टरों की एक टीम कल रात ही बैंकाक रवाना हो गई है। दो डॉक्टर झुलस गए हैं, और हमें जहां तक पता है, जख्म जानलेवा नहीं हैं। उनके परिवार भी जल्दी वहां पहुंचेंगे। मैं भी मंगलवार को बैंकाक जा सकता हूं। विदेश मंत्रालय हमारी बहुत मदद कर रहा है।’’

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status