डीडीसीए मानहानी केसः कोर्ट में जेटली को करना पड़ा राम जेठमलानी के सवालों का सामना - JBP AWAAZ

Breaking

Monday, 6 March 2017

डीडीसीए मानहानी केसः कोर्ट में जेटली को करना पड़ा राम जेठमलानी के सवालों का सामना

नई दिल्ली:  
दिल्ली की एक अदालत में वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी ने केजरीवाल के खिलाफ मानहानी का मुकदमा दायर करने को लेकर वित्तमंत्री अरुण जेटली से लंबी पूछताछ की।
लंबे समय तक चली इस बहस में जेटली ने जेठमलानी को यह समझाने की कोशिश किया कि किस तरह से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, जिसे कभी सुधारा नहीं जा सकता और न ही उसे मापा जा सकता है।
इस दौरान जेठमलानी ने कोर्ट में जेटली से पूछा कि इसके पीछे कोई बड़ा कारण तो नजर नहीं आता सिवाय इसके कि आप खुद अपने बारे में ऐसा सोचते हैं? इस पर जेटली ने कहा कि मेरे सम्मान को पहुंचे नुकसान के लिए जो मैंने कीमत लगाई है वो उस बड़ी क्षति का एक बहुत ही छोटा सा हिस्सा है।
अदलत में सुनवाई के दौरान जेठमलानी ने कहा कि जेटली को किसी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है इसीलिए वह कह रहे हैं कि इसे मापा नहीं जा सकता। इसके जवाब में जेटली ने कहा 'मेरे बैकग्राउंड और प्रतिष्ठा को देखें तो मेरे सम्मान को इतना बड़ा नुकसान पहुंचा है कि उसे मापा नहीं जा सकता।'
जेटली के इस जवाब पर जेठमलानी ने क्रॉस प्रश्न करते हुए कहा, 'दूसरे शब्दों में यह आपका मानना है कि आप इतने महान हैं कि इसे आर्थिक तौर पर नहीं मापा जा सकता।'
इस सवाल के जवाब में वित्तमंत्री ने कहा कि यह सब उन विचारों के आधार पर कहा है जो उनके दोस्त, शुभचिंतक और अन्य लोग, निजी और सार्वजनिक तौर पर इस विषय पर जाहिर कर चुके हैं।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि जब जेटली दिल्ली क्रिकेट बॉडी (डीडीसीए) के प्रमुख थे तब वह और उनका परिवार संस्था में आर्थिक कुप्रबंधन के लिए जिम्मेदार थे। इस पर जेटली ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था और केजरीवाल के खिलाफ 10 करोड़ का दावा ठोका था।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status