विस्फोटक लेकर आए पांच आतंकियों ने दो भारतीयों की मदद से कच्छ में किया प्रवेश, राज्य में हाई अलर्ट - JBP AWAAZ

Breaking

Saturday, 18 February 2017

विस्फोटक लेकर आए पांच आतंकियों ने दो भारतीयों की मदद से कच्छ में किया प्रवेश, राज्य में हाई अलर्ट

नई दिल्ली । पाकिस्तान की शह पाकर पनप रहे आतंकी संगठन एक बार फिर भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। खुफिया एजेंसियों ने इसी के मद्देनजर एक अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि सीमा पार से कुछ आतंकी विस्फोटक सामाग्री के साथ कच्छ की सीमा में प्रवेश कर गए हैं। इसके बाद पूरे
गुजरात में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी खुफिया एजेंसियों ने कच्छ के इलाके में आतंकियों के प्रवेश करने का अलर्ट जारी किया था।
भारतीयों की मदद से घुसपैठ
खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के मद्देनजर बताया जा रहा है कि सीमा पार से कच्छ की सीमा में प्रवेश करने वाले आतंकियों की संख्या चार से पांच है। इन लोगों को स्थानीय व्यक्ति की मदद से सीमा में प्रवेश किया है। इन लोगों के पास दो से तीन बड़े बक्से हैं। कच्छ की सीमा में इन लोगों को दो भारतीयों ने मदद की और उन सभी को उनके बक्सों के साथ एक एसयूवी गाड़ी में बैठाकर ले गए हैं। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार, ये लोग गांधीधाम इलाके की ओर निकले हैं।
इस पूरे मामले पर सरकार की ओर से बयान आया है कि उन्हें खुफिया एजेंसियों ने समय रहते सभी जानकारियां दे दी हैं, जिसके बाद से पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित करने के साथ ही सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कच्छ के अलावा उसकी सीमा से जुड़े अन्य जिलों में भी नाकेबंदी कर दी गई है। हमने इनपुट मिलने के बाद पुलिस के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रहने के लिए कह दिया है। राज्य के डिप्टी सीएम का कहना है कि वह हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि जिस इलाके में आतंकियों की घुसपैठ की बात कही जा रही है यह वही इलाका है जहां पिछले दिनों बीएसएफ के जवानों ने कुछ पाकिस्तानी बोट को पकड़ा था। पिछले कुछ दिनों के अंतराल में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने चार पाकिस्तानी नाव को इस क्षेत्र से अपने कब्जे में लिया है। इसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि कुछ आतंकी जल मार्ग के माध्यम से इस सीमा में प्रवेश करने की साजिश रच रहे हैं। बहरहाल, एक बार फिर से मिले खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद राज्य में चौकसी बढ़ा दी गई है। 

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status