नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की ओर से चलाए जा रहे अभियान के बावजूद नक्सली हमले थमने का नाम नहीं ले रहे. छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों ने ब्लास्ट किया, जिसमें चार जवान शहीद हो गए.
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर (बस्तर) जिले की सीमा से सटे उड़ीसा-आंध्र प्रदेश बार्डर के हाइवे पर बुधवार शाम माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. इसकी चपेट में आने से चार जवान शहीद हो गए हैं.
उड़ीसा स्थित कोरापुट के एएसपी ने बस्तर रेंज के आईजी एस आर पी कल्लुरी को जानकारी देते हुए बताया है कि स्थानीय पुलिस के जवानों को लेकर पुलिस की मिनी बस उड़ीसा के कोरापुट से कटक जा रही थी. इसमें कुल 12 जवान सवार थे.
देर शाम आंध्र प्रदेश और उड़ीसा बार्डर के सुनकी घाट पर लगे लैंडमाइंस में नक्सलियों ने ब्लास्ट कर दिया. ब्लास्ट से वाहन को बहुत नुकसान हुआ है. जहां ब्लास्ट हुआ वहां करीब दस फीट का बड़ा गड्ढा हो गया.
ब्लास्ट से वाहनों का आना जाना बाधित हो गया है और इलाके में अफरा तफरी का माहौल है. मौके पर अतिरिक्त फोर्स को भेजा गया है.

No comments:
Post a Comment