लखनऊ । यूपी विधानसभा के महत्वपूर्ण चुनावों में पहले चरण के लिये आज पश्चिमी यूपी के 15 जिलों की कुल 73 सीटों पर मतदान हुअा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से ही केंद्रों पर गहमागहमी शुरू हो गई थी। अलीगढ़, मथुरा और बागपत के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के चलते मतदान में दिक्कत आई, जिसे बाद में दूर कर लिया गया था। हालांकि इस चक्कर में यहां कुछ देर से मतदान शुरू हो पाया था। फिलहाल दोपहर 4 बजे तक पहले चरण में कुल 57 फीसद वाेटिंग हुई है।
मुस्लिम बहुल इलाकों में होने वाले इस चरण के मतदान में कई राजनीतिक दिग्गजों के दमखम की परीक्षा होगी। पहले चरण के चुनाव में शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा और कासगंज जिलों में मतदान हुअा।
मुजफ्फरनगर के एक मतदान केंद्र पर हंगामा होने की वजह से यहां पर मतदान शुरू होने में कुछ देरी हुई। वहीं यहां के शाहपुर स्थित प्राइमरी स्कूल के बूथ संख्या 232 पर कर्मियों की लापरवाही के चलते मतदान 20 मिनट तक रुका रहा। खतौली के जामे उल उलूम हाईस्कूल व चरथावल के आर्य कन्या इंटर कालेज के बूथ नंबर चार पर ईवीएम खराब होने के कारण आधे-आधे घंटे देरी से मतदान शुरू हो सका। बुढ़ाना के कांधला रोड पर कन्या जूनियर हाई स्कूल के पास एक बूथ पर एक प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने करीब दो सौ लोगों को भगाकर मामला शांत किया।

No comments:
Post a Comment