GST: 70,000 टैक्स अधिकारी करेंगे 'आंदोलन' - JBP AWAAZ

Breaking

Thursday, 26 January 2017

GST: 70,000 टैक्स अधिकारी करेंगे 'आंदोलन'

जीएसटी काउंसिल के फैसलों के विरोध में 70,000 टैक्स अधिकारी करेंगे 'असहयोग आंदोलन'

नई दिल्ली
जीएसटी काउंसिल की ओर से हाल ही में लिए गए कुछ फैसलों के विरोध में करीब 70,000 टैक्स अधिकारियों ने असहयोग आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। कर्मचारी संगठनों ने अपने आंदोलन की शुरआत करते हुए शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा शुल्क दिवस नहीं मनाने का फैसला किया है। इसके साथ ही वह 30 जनवरी को ‘शहीद दिवस’ के दिन काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनायेंगे।

संगठनों का कहना है कि वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता वाली जीएसटी परिषद के 16 जनवरी के फैसले से उनके सदस्य काफी निराश हैं और अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। परिषद ने इस बैठक में तटीय सीमा वाले राज्यों को 12 समुद्री मील में होने वाली आर्थिक गतिविधियों पर कर लगाने का अधिकार दिया है। इसके साथ ही डेढ़ करोड़ रुपये से कम कारोबार करने वाले उद्यमियों में 90 प्रतिशत कर दाताओं को भी राज्यों के अधिकार क्षेत्र में रखा गया है।

केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड के समूह ए, बी और सी के कर्मचारियों की संचालन समिति की बैठक में कहा गया है, 'इस फैसले से राजस्व अधिकारियों के पेशे पर प्रतिकूल प्रभाव होगा। हम जीएसटी परिषद द्वारा लिए गए इस निर्णय का विरोध करते हैं और इस अनुचित और गलत फैसले को रोकने और इसकी समीक्षा का आग्रह करते हैं।'

उनके मुताबिक 16 जनवरी के इस फैसले से न केवल केंद्र कमजोर होगा बल्कि इसका राजस्व संग्रह और भारतीय अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव होगा। राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी इसका असर पड़ सकता है। अप्रत्यक्ष कर क्षेत्र में लागू होने वाले जीएसटी के एक जुलाई से लागू होने की उम्मीद है। पहले इसे एक अप्रैल से लागू किया जाना था।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status