अखिलेश की सभा में कुर्सियां फेंककर हंगामा… भाकियू नेता समेत दो सौ से ज्यादा पर एफआईआर - JBP AWAAZ

Breaking

Friday, 16 December 2016

अखिलेश की सभा में कुर्सियां फेंककर हंगामा… भाकियू नेता समेत दो सौ से ज्यादा पर एफआईआर

हमीरपुर । जिले में सीएम की सभा में कुर्सियां फेंककर विरोध प्रदर्शन करने और पुलिस के साथ धक्का मुक्की कर सभा में व्यवधान पैदा करने के मामले में भाकियू के जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह राजपूत व महिला मोर्चा भाकियू की जिलाध्यक्ष विशेखा राजपूत समेत दस लोगों को नामजद करने के साथ ही दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस घटना के आरोप में भागे आरोपियों में एक फौजी को भी गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों की धरपकड़ के लिये छापे मारे जा रहे हैं। बताते चलें कि बीते रोज हमीरपुर जिले के कुछेछा स्थित राजकीय महाविद्यालय के मैदान में सीएम की सभा में किसानों ने बवाल काटा था। लाठी डंडे और हंसिया से लैस किसानों की भारी भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर सीएम की सभा में घुसकर हंगामा किया। सभा में सीएम की स्पीच के दौरान किसानों की भीड़ ने कुर्सियां फेंककर नारेबाजी करते हुये व्यवधान डाला जिससे भगदड़ मची थी।

 

सीएम ने भी हंगामा कर रहे किसानों को मंच से ही जमकर फटकार लगाई लेकिन इसके बावजूद किसान हंगामा करते रहे। इस पर पुलिस से भी झड़पे हुई थी। सीएम का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कार्यक्रम स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने के बाद देर रात मामला दर्ज किया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष व दो बेटे भी नामजद कोतवाली सदर के एसआई व वादी चंचल कुमार ने बताया कि सीएम की सभा में हंगामा कर पुलिस से धक्का-मुक्की करने का केस लिखा गया। उनका कहना है कि भाकियू जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह राजपूत, भाकियू की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विशेखा राजपूत सहित दस नामजद है। भाकियू नेता के पुत्र रुपेन्द्र, भूपेन्द्र के अलावा रामदास फौजी अमिरता, कल्लू यादव निवासी बगरियया सजेती कानपुर व रानू निगम नामजद है। इसके अलावा हाफिज अनवर निवासी जहानाबाद फतेहपुर, अशकरन, विनीत कुमार निवासीगण सिधौल कानपुर भी नामजद है। दस नामजद आरोपियों के साथ ही सीएम की सभा में बवाल करने धारा-144 का उल्लंघन करने में दो सौ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।

क्या कहती है पुलिस मामले के वादी एसआई चंचल कुमार का कहना है कि जयप्रकाश दुबे, भानू, अश्वनी कुमार, शिवकुमार, शोभित पाल, अरुण ड्यूटी पर थे। दरोगा अरविन्द मिश्रा व ललित त्रिपाठी भी सीएम की सभा में ड्यूटी पर तैनात थे तभी किसान नेताओं ने हंगामा किया और तोडफ़ोड़ की। किसानों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों के साथ धक्कामुक्की करते हुये सरकारी काम में बाधा डालने के साथ ही सीएम की सभा में भी रुकावट डाली। क्या कहते हैं सीओ सदर सीओ सदर गुरुदयाल सिंह कटियार का कहना है कि यह केस धारा 147, 148, 143, 186, 188 ,283, 290, 341, 353, 427 के तहत दर्ज हुआ है। आरोपियों पर 7 लाॅ एमिन्डमेन्ट एक्ट भी लगाया गया है जिसमें फौजी रामदास सविता को गिरफ्तार कर जेल भेज गया है। उनका कहना है कि इस घटना में किसी को बख्शा नहीं जायेगा। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीमें दबिश दे रही है। क्या कहते हैं एडीएम डा. राजेश कुमार प्रजापति का कहना है कि सीएम के कार्यक्रम को लेकर अच्छे इंतजाम किये गये थे मगर किसानों ने व्यवधान डाल दिया। उनका कहना है कि सुरक्षा के इंतजाम पुलिस के हाथ में थे और पहले से ही शरारती तत्वों को कार्यक्रम स्थल के बाहर रोकना चाहिये था। उन्होंने कहा कि सीएम के कार्यक्रम में हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही पुलिस करेगी और कार्यवाही भी शुरू कर दी गयी है।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status