महाराष्‍ट्र: नगपालिका चुनाव में फिर खिला कमल; नोटबंदी का राग अलापने वाली कांग्रेस, राकांपा को झटका - JBP AWAAZ

Breaking

Friday, 16 December 2016

महाराष्‍ट्र: नगपालिका चुनाव में फिर खिला कमल; नोटबंदी का राग अलापने वाली कांग्रेस, राकांपा को झटका

मुंबई: नोटबंदी जैसे मुद्दों को सामने रखकर अभियान चलाने वाली विपक्षी पार्टियो को को करारा जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी महाराष्‍ट्र में नगर पालिका परिषद के दूसरे चरण के चुनाव में भी अव्वल आई है। पुणे और लातूर की 14 नगरपालिका चुनाव के लिए हुए मतदान के नतीजों की घोषणा शुक्रवार को हुई। नतीजों के अनुसार बीजेपी के पांच नगराध्यक्ष चुने गए हैं। वहीं कांग्रेस ने 3 नगर अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की।

वहीं राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का छह नगर पालिका अध्‍यक्ष पदों पर कब्‍जा था लेकिन चुनाव के बाद वह दो पर ही अपना कब्‍जा बरकरार रख सकी, जबकि कांग्रेस चार में से तीन पर अपना कब्‍जा बरकरार रख सकी है। इन 14 नगर पालिका परिषदों के कुल 324 पार्षदों के पद के लिए चुनाव कराये गये थे। इसमें एनसीपी को 91, भाजपा को 86, कांग्रेस को 62, शिवसेना को 23 सीटों पर कामयाबी हासिल हुई है। 62 सीटें अन्‍य के खाते में गई हैं।

महाराष्ट्र में नगर परिषद चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि 14 नगर परिषदों में 324 सीटों के लिए कम से कम 1,326 प्रत्याशी मैदान में थे। दोनों जिलों में नगर परिषद अध्यक्ष के पद के लिए 106 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था।

बता दें कि मतदान का पहला चरण 27 नवंबर को महाराष्ट्र के 25 जिलों की 147 नगर परिषदों तथा 17 नगर पंचायतों के लिए हुआ था। पहले चरण के चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने कुल 3,727 सीटों में से सर्वाधिक 893 सीटें अपने कब्जे में कीं। साथ ही उसने नगर प्रमुख के 51 पदों पर जीत दर्ज की। शिवसेना ने 25, कांग्रेस ने 23 और राकांपा ने 18 सीटें हासिल कीं। नगर परिषद के पहले चरण के चुनावों में 147 शहरी स्थानीय निकायों के 39 निकाय प्रमुख पद पर जीत के साथ भाजपा अव्वल रही।

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status