जम्मू । जम्मू कश्मीर के पंपोर में शनिवार शाम बाइक सवार दो आतंकियो ने सेना के एक काफिले पर फायरिंग की। इस घटना में सेना के तीन जवान शहीद हो गए हैं। सुरक्षा बलों ने इस घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया है। इलाके में भारी भीड़ के चलते जवान आतंकियों पर गोलियां नहीं चला सके। बहरहाल, सेना ने घटना की पुष्टि करते हुए अपने तीन जवानों के शहीद होने की बात कही है। बता दें कि यह वही जगह है जहां कुछ दिनों पहले सीआरपीएफ के एक काफिले पर आतंकियों ने हमला किया था।
बाइक से आए थे आतंकी
सेना के अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल हाईवे से सेना का काफिला बस से गुजर रहा था। इस दौरान बाइक सवार दो आतंकियों ने जवानों से भरी इस बस पर जमकर फायरिंग की। इस गोलाबारी में सेना के तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाने के दौरान तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आतंकी घटना को अंजाम देने के बाद हाईवे से अंदर की ओर जा रही गलियों में फरार हो गए।
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि जिस बाइक से आतंकियों ने वारदात को अंजाम दिया है वो उनकी नहीं है। पूरे इलाके में आतंकियों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
खुफिया एजेंसियों ने जताई थी आशंका
बता दें कि खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि घाटी समेत देश के कुछ हिस्सों में 26 जनवरी से पहले आतंकी लगातार कुछ वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। इस दौरान सुरक्षा बलों समेंत सभी राज्यों के पुलिस बल को सतर्क रहने की बात कही गई है।
No comments:
Post a Comment