तीसरी संतान भी बेटी ही हुई तो पति के खौफ में मां ने मासूम को मार डाला! - JBP AWAAZ

Breaking

Tuesday, 14 February 2017

तीसरी संतान भी बेटी ही हुई तो पति के खौफ में मां ने मासूम को मार डाला!

मां की ममता की महानता को दर्शाने वाली अनेक कहानियां आपने सुनी होंगी, लेकिन अपनी ही संतान का कत्ल करने वाली किसी मां की कहानी शायद ही सुनने को मिलती है. तेलंगाना के नालगोंडा जिले में मां-बेटी के रिश्ते को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने सिर्फ इस डर से अपनी मासूम बेटी का कत्ल कर दिया कि उसका पति बेटे के लिए किसी और से शादी करने की धमकी दे रहा था.
तेलंगाना के पेडा अदिसेरलापल्ली की रहने वाली नागामणिनी की कोख से एक के बाद एक तीन बेटियों का जन्म हुआ. तीसरी बेटी की जन्म के बाद उसका पति जयराम उसे प्रताड़ित करने लगा और लड़के की चाहत लिए दूसरी शादी करने की धमकी देने लगा.
जयराम के इस धमकी के बाद नागामणिनी ने दो माह की अपनी तीसरी नवजात बेटी को दूध में कीटनाशक मिलाकर उसकी जान ले ली. कीटनाशक की वजह से बेहोश हुई बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद तेलंगाना पुलिस ने पति-पत्नि दोनों को हिरासत में ले लिया.
यह घटना देवराकोंडा के नजदीक हुई है, जिसे लड़कियों के साथ भेदभाव के लिए जाना जाता है. इससे पहले भी इस इलाके में बच्चियों को छोड़ देने और उनकी हत्या के अनेक मामले सामने आ चुके हैं.
बाल अधिकार के लिए काम करने वाली संस्था, बलाला हक्कुला संघम ने इस नृशंस हत्या की निंदा करते हुए दंपत्ति के दोनों बेटियों को शिशु गृह में भेजने की मांग की है. सामाजिक कार्यकर्ता अच्यूत राव ने सीएनएन न्यूज18 से बात करते हुए कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि आज के समय में भी बेटियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है. इसके लिए राज्य की महिला और बाल कल्याण विभाग को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए. साथ ही लड़कियों के साथ भादभाव को जड़ से खत्म करने में नाकामयाब होने की वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

No comments:

Post a Comment

Whatsapp status